बरेली। गुजरात के गांधीधाम से बिहार के भागलपुर के बीच रेलवे 17 अप्रैल से 11 मई तक विशेष ट्रेन का संचालन करेगा। यह गाड़ी मथुरा, कासगंज, बदायूं, बरेली, पीलीभीत, मैलानी, सीतापुर होते हुए चलाई जाएगी। इस रेल खंड पर लंबी दूरी की यह पहली विशेष ट्रेन है। गाड़ी की समय सारिणी जारी कर दी गई है।
09451 गांधीधाम-भागलपुर विशेष ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार को गांधीधाम से शाम 6:25 बजे चलने के बाद दूसरे दिन रात 8:50 बजे बरेली सिटी, 9:14 बजे इज्जतनगर आएगी। तीसरे दिन रात 8:15 बजे भागलपुर पहुंचेगी। 09452 भागलपुर-गांधीधाम विशेष गाड़ी 20 अप्रैल से 11 मई तक प्रत्येक सोमवार को भागलपुर से सुबह पांच बजे चलने के बाद दूसरे दिन तड़के तीन बजे इज्जतनगर, 3:30 बजे बरेली सिटी आएगी और तीसरे दिन सुबह आठ बजे गांधीधाम पहुंचेगी।
इस गाड़ी को बदायूं, बरेली जंक्शन स्टेशनों पर ठहराव नहीं दिया गया है। 12 अप्रैल से गाड़ी में आरक्षित टिकटों की बुकिंग शुरू हो जाएगी। इस गाड़ी का संचालन कानपुर सेंट्रल होते हुए किया जाना था, लेकिन कानपुर-लखनऊ के बीच ब्लॉक के कारण अब गाड़ी बदलते हुए रूट से चलाई जाएगी। बरेली, पीलीभीत, सीतापुर आदि जिलों के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।