लंबे इंतजार के बाद बरेली को हवाई यात्रा की सुविधा नसीब हुई, लेकिन यह सेवा प्रदान करने वाली कंपनी एलाइंस एयरलाइंस की वेबसाइट पर बरेली के बजाय रायबरेली का नाम दिख रहा है। कंपनी की ओर से जारी नक्शे में भी बरेली के बजाय रायबरेली का नाम है। इसके अलावा टिकट पर भी बरेली के कोड के साथ रायबरेली लिखा आ रहा है। इससे उलझन में फंसे कई यात्रियों ने केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार से शिकायत की। अब कंपनी के अधिकारियों ने जल्द यह चूक दुरुस्त करने का आश्वासन दिया है।
एलाइंस एयरलाइंस ने दिल्ली-बरेली के बीच आठ मार्च से हवाई सेवा शुरू करने की घोषणा की थी, इसके साथ टिकट बुकिंग भी शुरू करा दी थी। वेबसाइट पर बरेली का स्टेशन कोड वर्ड बीईके तय किया गया] मगर एलाइंस प्रबंधन ने बरेली की जगह रायबरेली लोड कर दिया। कंपनी की ओर से जारी मानचित्र पर भी रायबरेली ही लिख दिया गया और इसकी लोकेशन भी लखनऊ के पास दिखाई गई। इससे ऑनलाइन बुकिंग करने वाले लोग उलझन में फंस गए। दिल्ली के कुछ लोगों ने इसकी शिकायत केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार से की।
दिल्ली-बरेली हवाई सेवा एलाइंस एयरलाइंस नेे शुरू की है। लोगों ने यह शिकायत की थी कि उसकी वेबसाइट पर बरेली की जगह रायबरेली लिखा हुआ है और इससे भ्रम फैल रहा है। कंपनी से इस गलती को दूर करने के लिए कहा गया है। - संतोष गंगवार, केंद्रीय मंत्री