भुगतान न होने पर कोतवाली पहुचे सहारा क्यु निवेशक।
बरेली। सहारा इंडिया में निवेश की गई रकम वापस न मिलने पर शुक्रवार को निवेशकों ने कंपनी के ऑफिस पर जमकर हंगामा करने के बाद कोतवाली जाकर शिकायत की। पुलिस ने कंपनी के कर्मचारियों को बुलाकर पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि कंपनी के बड़े अधिकारी दो-तीन दिन में आने वाले हैं, उसके बाद पता चल जाएगा कि निवेशकों का पैसा कब लौटाया जाएगा।
सहारा इंडिया के 50 से ज्यादा निवेशक शुक्रवार को पहले कंपनी के ऑफिस और फिर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका लाखों रुपया कंपनी में जमा है जो वापस नहीं दिया जा रहा है। लंबे समय से कंपनी के कर्मचारी टालमटोल कर रहे हैं। शुक्रवार को निवेशकों ने कंपनी के एजेंट को पकड़ लिया और रकम वापस करने को कहा। एजेंट ने बताया कि उसने रकम कंपनी में जमा की है। हंगामे के बाद निवेशक जब कोतवाली पहुंचे तो पुलिस ने सहारा कंपनी के स्थानीय अधिकारियों को भी बुलवा लिया।
स्थानीय मैनेजर जेपी शर्मा ने पुलिस को बताया कि कंपनी का कोर्ट में मुकदमा चल रहा है जिस कारण रकम वापस करने में कुछ परेशानी हो रही है। 22 नवंबर को कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी आ रहे हैं। उनसे बातचीत कर समस्या का समाधान निकाला जाएगा। उधर, निवेशकों का कहना था कि लंबे समय से कर्मचारी कोई न कोई बहाना बनाकर टाल रहे हैं। उन्होंने कोतवाली पुलिस को तहरीर भी दे दी। शिकायत करने वालों में मीरगंज के शब्बू यूनुस राजू, सद्दीक खातून, अमीर जहां, नन्ही देवी, पुष्पा, माया देवी आदि शामिल थीं।
पैसा कंपनी में अटका
पड़ा है, कैसे करें शादी
कोतवाली में कई लोगों ने बताया कि उनके बच्चों की शादी इसी नवंबर में है। शादी के कार्ड लेकर पहुंचे इन लोगों ने बताया उन्हें आश्वासन दिया गया था कि सितंबर या अक्तूबर तक रकम दे दी जाएगी। इस पर उन्होंने बच्चों की शादी तय कर दी। अब रकम नहीं दी जा रही है, वे कैसे शादी करें। मीरगंज के सिंधौली गांव के रामौतार की शादी 27 नवंबर को है। कालीबाड़ी के सतीश की बेटी की शादी 20 नवंबर को होनी है। इन लोगों ने पुलिस को शादी के कार्ड भी दिखाए। मीरगंज के सूरज की बहन की भी शादी 30 नवंबर को है। उसका डेढ़ लाख रुपया कंपनी में फंसा हुआ है।