जिला अस्पताल में कोविड टीकाकरण के लिए लगी भीड़ ।
बरेली। लगातार बढ़ रहे कोविड संक्रमण के मामलों को देखते हुए अब टीकाकरण कराने वालों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई है। सोमवार को जिला अस्पताल में बने टीकाकरण केंद्र पर करीब दो सौ से ज्यादा लोग एक साथ पहुंच गए। इससे केंद्र पर अफरातफरी का माहौल रहा। लोग केंद्र पर मौजूद कर्मचारियों पर जबरन देरी करने का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। इसके बाद नया बूथ बनाया गया, तब कहीं लोग शांत हुए।
दो माह से कोविड टीकाकरण हो रहा है। स्वास्थ्यकर्मियों के टीकाकरण तक प्रतिदिन 65 फीसदी से ज्यादा प्रतिरक्षित हुए लेकिन फ्रंटलाइन वर्कर में से कई टीकाकरण कराने नहीं पहुंचे। इसके बाद बुजुर्गों और गंभीर मरीजों के टीकाकरण में भी प्रतिदिन का औसत 15 से 25 फीसदी ही रहा। सोमवार को पहली बार आंकड़ा 50 फीसदी के पार जा पहुंचा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि सोमवार को 16 हजार लोगों को टीकाकरण का लक्ष्य था, इसके सापेक्ष 8408 लोग प्रतिरक्षित हुए। शासन की ओर से जारी निर्देश के तहत अब 45 साल से अधिक आयु के लोगों को टारगेट के आधार पर प्रतिरक्षित किया जाएगा।
कि स दिन कौन होगा प्रतिरक्षित
आठ और नौ अप्रैल को मीडियाकर्मी, खुदरा व्यापारी, बड़े दुकानदार, 10 को बैंक और बीमाकर्मी, 12 से 14 तक स्कूल, कॉलेज के शिक्षक, 15, 16 को ऑटो रिक्शा, बस, टैक्सी ड्राइवर, फेरी वाले, निर्माण कर्मचारी, 17 से 19 तक फ्रंटलाइन वर्कर को छोड़कर अन्य सरकारी अधिकारी, कर्मचारी, 20, 21 को न्यायपालिका के कर्मचारी और वकील, 22, 23 को निजी कार्यालयों के कर्मचारी प्रतिरक्षित होंगे।