बरेली। मुरादाबाद रेल मंडल के एडीआरएम बरेली जंक्शन पर बेतरतीब ढंग से रखे पार्सल को देखकर भड़क गए। उन्होंने पार्सल अधीक्षक को आड़े हाथों लिया। वह रिजर्वेशन आफिस भी पहुंचे, जहां कर्मचारियों ने कई दिनों से हाजिरी नहीं लगाई हुुई थी। उन्होंने तीन घंटे तक जंक्शन के चप्पे-चप्पे का निरीक्षण किया।
उत्तर रेलवे मुरादाबाद के एडीआरएम मानसिंह मीणा बुधवार को अचानक जंक्शन पहुंचे। कोच से उतरते ही प्लेटफार्म पर इधर-उधर पार्सल बिखरे देखकर वह भड़क गए। उन्होंने पार्सल अधीक्षक की फटकार लगाते हुए भविष्य में सभी पार्सल ढंग से रखवाने के निर्देश दिए। बताया गया कि पार्सल व्यापारी के हैं, जिसको वह उठाकर नहीं ले गया है, इस पर उन्होंने व्यापारी पर पांच सौ रुपये का जुर्माना डाला। वह प्लेटफार्म दो पर भी पहुंचे। वहां पर गंदगी देखकर उनका पारा चढ़ गया। मुख्य खाद्य निरीक्षण राजीव श्रीवास्तव से सफाई कर्मियों की लिस्ट मांगी। इसके बाद तुरंत ही सफाई कर्मियों ने प्लेटफार्म से कूड़ा साफ कराया। बताते हैं कि स्थानीय अधिकारियों को एडीआरएम के प्लेटफार्म दो पर जाने की उम्मीद ही नहीं थी। उन्होंने तो केवल प्लेटफार्म एक को ही चमकाया हुआ था। एक वेंडर की उन्होंने पीओएस मशीन चेक की, लेकिन उसका बिल नहीं निकला। वेंडर ने बताया कि उसे मशीन चलाने का प्रशिक्षण नहीं दिया गया है। इसके बाद वह रिजर्वेशन आफिस पहुंचे। उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर चेक किया तो पता चला कि कर्मचारियों ने कई दिनों से हाजिरी ही नहीं लगाई है। उन्होंने ऐसे कर्मचारियों को अनुपस्थित मानकर वेतन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने रिजर्वेशन सुपरवाइजर को भी चेतावनी दी। उन्होंने बताया कि जंक्शन पर अनियमितता ज्यादा है, कर्मचारियों को चेतावनी दी। अगली बार कार्रवाई की जाएगी।