बरेली। बिजली विभाग के एसडीओ और उनकी पत्नी को हज भेजने के नाम पर गुजरात के ठग ने दो लाख रुपये ठग लिए। पैसा खाते में जमा कराने के बाद ठग ने कोई जवाब तक नहीं दिया। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ थाना बारादरी में मुकदमा दर्ज कराया है।
पीलीभीत बाईपास रोड स्थित खुशबू इन्क्लेव निवासी समीउद्दीन बिजली विभाग में एसडीओ हैं। उन्होंने बताया कि अहमदाबाद (गुजरात) के हाजी इकबाल से उनका संपर्क हुआ। जिसने उन्हें और उनकी पत्नी को हज भिजवाने की बात कही। समीउद्दीन ने बताया कि लगातार संपर्क करने के बाद उन्होंने हाजी इकबाल के खाते में दो लाख रुपये जमा भी कर दिए। खाते में पैसा जमा होने के बाद इकबाल ने उनसे संपर्क तोड़ दिया। मेल आईडी पर ईमेल करने के बाद भी कोई जवाब नहीं आया। इससे वह न ही हज जा पाए और न उनका पैसा वापस मिला। ठगी का शिकार पीड़ित ने बृहस्पतिवार को बारादरी थाने में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप की रिपोर्ट दर्ज कराई है।