बिलारी में अकेले शादी करने पहुंचा पीलीभीत का युवक, दुल्हन को बाइक पर बैठाकर लौटा
विज्ञापन
झुमका चौराहे पर अनोखी शादी का पता लगा तो अनजान लोगों ने किया स्वागत
बरेली। लॉकडाउन की वजह से शादी टलते-टलते पीलीभीत के युवक का सब्र जवाब दे गया। आखिरकार वह अकेला ही बाइक लेकर बिलारी निकल गया जहां पहले से उसकी शादी तय थी। लड़की के घरवालों की मौजूदगी में शादी हुई। शादी के जोड़े में बाइक पर दुल्हन को लेकर लौटते युवक का दिल्ली रोड के झुमका चौराहे पर अनजान लोगों से आमना-सामना हुआ। माजरा पता लगने पर इन्हीं लोगों ने नवविवाहित जोड़े का तालियां बजाकर स्वागत किया और आनन-फानन में उनके लिए उपहार का भी इंतजाम कर दिया।
पीलीभीत के एक गांव में रहने वाले रिंकू सागर की शादी शनिवार को बिलारी (मुरादाबाद) की मोहिनी से होनी थी। समस्या थी बरातियों को लेकर जाने और उनके बीच दूरी बनाए रखने की। जोखिम देखते हुए रिंकू ने अकेले बाइक से बिलारी जाकर शादी करने का निश्चय किया। रिंकू ने बताया कि वह शनिवार दोपहर बाद बाइक से अकेले ही बिलारी निकल पड़े। विवाह के बाद रविवार सुबह विदा के वक्त उन्होंने मोहिनी के परिवार से कहा कि वह उसे बाइक पर ही विदा कराकर ले जाना चाहते हैं। दूल्हा-दुल्हन की इच्छा पर परिवार वालों की भी इजाजत मिल गई।
रविवार दोपहर रिंकू और मोहिनी बाइक पर दिल्ली रोड के झुमका चौराहे से गुजरे तो वहां शहर के ही मयंक, संजीव जिंदल, पुष्पेंद्र आदि युवकों ने उन्हें शादी के जोड़े में देखकर पूछताछ की। पता लगा दोनों शादी करके लौट रहे हैं तो युवकों ने उनका तालियां बजाकर स्वागत किया। फिर उन्हें आनन-फानन वहीं आसपास से एक उपहार भी भेंट किया।