लॉकडाउन में गरीब परिवारों को मुफ्त में रसोई गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने की योजना बृहस्पतिवार से लागू हो जाएगी। इसके तहत 30 जून तक उज्ज्वला गैस कनेक्शन धारकों को तीन मुफ्त सिलिंडर सप्लाई होंगे। पेट्रोलियम कंपनियां इससे पहले उनके बैंक खातों में गैस के मूल्य के बराबर धनराशि डाल देंगी। इसके बाद संबंधित कनेक्शनधारक सिलिंडर बुक कर सिलिंडर प्राप्त कर सकता है। कंपनियों ने इससे बढ़ती मांग की संभावना को देखते हुए सभी गैस बॉटलिंग प्लांट तीन शिफ्टों में चलाने की तैयारी शुरू कर दी है।
पिछले दिनों पीएम मोदी ने कहा था कि उज्ज्वला गैस कनेक्शनधारकों को लॉकडाउन में मुफ्त घरेलू रसोई गैस उपलब्ध कराई जाएगी। इस घोषणा के बाद वित्त मंत्रालय ने तीनों पेट्रोलियम कंपनियों को इस पर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए और अप्रैल के प्रथम सप्ताह में गरीब परिवारों को तीन मुफ्त गैस सिलिंडर सप्लाई करने को कहा। इसके तहत पेट्रोलियम कंपनियों ने इसका पूरा खाका बना लिया है। दो अप्रैल बृहस्पतिवार से यह योजना लागू हो जाएगी। इसके तहत उज्ज्वला गैस कनेक्शनधारक के बैंक खाते में पांच अप्रैल तक एक गैस सिलिंडर मूल्य के बराबर धनराशि पहुंच जाएगी।तीन गुना क्षमता से चलेंगे प्लांट
इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन ने बरेली समेत अन्य सभी स्थानों पर स्थित बॉटलिंग प्लांट तीन शिफ्टों में चलाने की तैयारी कर ली है। माना जा रहा है कि 30 जून तक तीन सिलिंडर मुफ्त मिलने पर मांग बढ़ जाएगी। इसलिए इसकी आपूर्ति सामान्य बनाए रखने के लिए प्लांट पर रिफिलिंग क्षमता को तीन गुना किया जा रहा है। अभी तक सभी प्लांट दो शिफ्टों में चलाए जा रहे हैं। पेट्रोलियम मंत्रालय ने पहले से ही निर्देश दे दिए थे कि घरेलू रसोई गैस कि उपलब्धता बनी रहे। बरेली जिले में साढ़े तीन लाख से ज्यादा उज्जवला कनेक्शन हैं।उज्ज्वला कनेक्शनधारकों को 30 जून तक तीन मुफ्त रिफिल सप्लाई होगी। योजना देश भर में लागू कर दी गई है। मांग पूरी करने के लिए बॉटलिंग प्लांट तीन शिफ्ट में चलाए जाएंगे। अगर कोई ग्राहक पहला सिलिंडर नहीं लेता है तो मई में उसकी किश्त खाते में नहीं जाएगी।
विज्ञापन
- पवन कुमार, उत्तरी भारत प्रमुख, बीपीसी