नवाबगंज। फर्जी आय, जाति व अन्य प्रमाणपत्र जारी करने वालों पर शिकंजा कसता जा रहा है। जांच में सामने आया है कि संबंधित जनसेवा केंद्र से जिस सीएससी आईडी के जरिये प्रमाणपत्र जारी किए जा रहे थे, वह किसी अन्य की है। प्रशासन ने इस आईडी को ब्लाॅक करा दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
तहसील गेट पर संचालित जन सुविधा केंद्र पर बीते कई दिनों से फर्जी प्रमाण पत्र बनाए जाने की सूचना तहसील प्रशासन को मिल रही थी। तहसीलदार दुष्यंत प्रताप सिंह ने नायब तहसीलदार सतवीर सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित कर इसकी जांच शुरू कराई। बीते दिनों टीम ने यहां छापा मारकर बड़ी संख्या में अभिलेखों के साथ ही एक लैपटॉप भी जब्त किया था।
जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद तहसीलदार ने जन सुविधा केंद्र संचालक नेमचंद और यहां काम करने वाले विजय कुमार के खिलाफ थाना नवाबगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।तहसीलदार दुष्यंत प्रताप सिंह ने बताया कि जांच में नेमचंद्र के नाम से सीएससी आईडी होने की बात सामने आई। इसी से प्रमाणपत्र जारी किए गए। यह व्यक्ति इस जनसेवा केंद्र पर काम ही नहीं करता है। ऐसे में इस आईडी को ब्लॉक करा दिया गया है।