बरेली में अनाज व्यापारी को बेटे का दाखिला एमबीबीएस में कराने का झांसा देकर 31 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पुलिस से शिकायत करने की चेतावनी देने के बाद ठगों ने 17 लाख रुपये लौटा दिए लेकिन 14 लाख रुपये वापस नहीं दिए। एसएसपी के आदेश पर किला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
किला छावनी निवासी बबलू राठौर मूंगफली और अनाज का कारोबार करते हैं। वर्ष 2024 में बबलू के बेटे संगम ने एमबीबीएस में दाखिला लेने के लिए नीट की परीक्षा दी थी। इसके बाद बबलू राठौर के पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि वह बिहार के नवादा निवासी सुमित राज बोल रहा है।
बंगलुरू के मेडिकल कॉलेज में दाखिला कराने का दिया था झांसा
सुमित ने बंगलुरू के वैदेही मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर में संगम का दाखिला कराने का झांसा दिया। बबलू बंगलुरू गए तो वहां सुमित राज और मुवशार हुसैन मिले। इन लोगों ने पचास हजार रुपये नकद लिए और पांच लाख रुपये का डीडी रिसर्च सेंटर ले जाकर संजीव श्रीवास्तव नाम के शख्स को दिलवाया।
यह भी पढ़ें-
UP: प्रेमिका से बेटे ने किया निकाह... दो दिन बाद पिता भी ले आया अपनी दुल्हन; पढ़ें अजब प्रेम की गजब कहानी
इन लोगों ने बबलू से 3096500 रुपये ट्रांसफर करा लिए। बाद में सीट फुल होने की बात कहकर हाथ खडे़ कर दिए। पुलिस से शिकायत की चेतावनी दी तो 17 लाख रुपये वापस कर दिए। लेकिन 1396500 रुपये नहीं लौटाए। रुपये मांगने पर टालमटोल कर रहे हैं। किला थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।