दस हजार रुपये ट्रांसफर कर चुका है युवक, अब भी किया जा रहा बदनाम
निजी कंपनी में काम करता है युवक, एसएसपी ने साइबर सेल को सौंपी जांच
बरेली। एक निजी कंपनी में काम करने वाले युवक का अश्लील वीडियो बनाकर सेक्सटॉर्शन के जरिये दस हजार रुपये वसूल लिए गए। अब उससे 21 हजार रुपये की मांग की जा रही है। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी ने साइबर सेल को जांच सौंपी है।
सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे युवक ने बताया कि वह निजी कंपनी में काम करता है। कुछ दिन पहले फेसबुक पर एक युवती का मित्रता निवेदन आया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। बीतचीत के दौरान ही युवती ने अश्लील वीडियो कॉलिंग की। वह जब तक कुछ समझते करीब दस सेकेंड की यह वीडियो कॉल उस युवती ने रिकॉर्ड कर ली। अब उन्हें बदनाम करने की धमकी देकर रुपयों की मांग की जा रही है। बदनामी के डर से वह दस हजार रुपये युवती के बताए अकाउंट में ट्रांसफर भी कर चुके हैं लेकिन अब 21 हजार रुपये ट्रांसफर करने को कहा जा रहा है। एसएसपी ने साइबर सेल को मामले की जांच सौंपी है।
लॉटरी का लिंक भेजकर खाते से उड़ाए 77 हजार
बरेली। कैंट के गांव उमरसिया निवासी देवीदास से साइबर ठगों ने 77 हजार रुपये ठग लिए। सोमवार को एसएसपी कार्यालय में की गई शिकायत में देवीदास ने बताया कि छह मई को उनके मोबाइल पर साइबर ठग ने लॉटरी निकलने का मेसेज भेजकर उनके वॉलेट का मोबाइल नंबर मांगा। इसके बाद उस नंबर पर एक लिंक भेजा गया। वह उसके झांसे में आ गए और लिंक खोल लिया। इसके बाद दस बार में उनके बैंक खाते से 77 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। एसएसपी ने इस मामले की जांच भी साइबर सेल को सौंपी है।
‘साइबर ठग नए-नए तरीकों से ठगी कर रहे हैं। अश्लील वीडियो कॉल के जरिये युवक से रुपये मांगने के मामले की जांच साइबर सेल को दी गई है। लोगों को सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है।’
- रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी