बरेली। संपत्ति को लेकर हुए विवाद में मोटर वाहन कारोबार से जुड़े लोगों पर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। ग्रीन पार्क निवासी ममता अग्रवाल ने अपने जेठ और सारनाथ मोटर्स के मालिक रवि अग्रवाल समेत तीन लोगों को नामजद कराया है।
ममता अग्रवाल ने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की थी कि उनके पति योगेश अग्रवाल ने अपनी मां सरोज अग्रवाल के साथ वर्ष 1984 में रामपुर गार्डन में भूखंड खरीदा था। विक्रेता शकुंतला और सुनीता थीं। उस भूखंड पर भवन निर्माण कर उसे बैंक ऑफ बड़ौदा को किराये पर दे दिया गया। बैंक नियमित रूप से किराया देता रहा और इस संपत्ति पर उनके पति व सास का अधिकार बना रहा।
पति और सास के निधन के बाद उन्होंने जब अपने बच्चों के नाम पर संपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की तो पता लगा कि जेठ रवि अग्रवाल ने फर्जी दस्तावेजों से संपत्ति को दान के रूप में अपने, अपनी पत्नी और बेटे के नाम पर ट्रांसफर करा लिया है। उन्होंने विरोध किया तो रवि अग्रवाल और उनके परिवार ने उन्हें और उनके बच्चों को धमकियां दीं। उनकी अन्य संपत्तियों पर भी कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। एसएसपी के हस्तक्षेप से रवि अग्रवाल, संगीता अग्रवाल और तुषार अग्रवाल पर धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज बनाने व धमकाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। ब्यूरो