बरेली। ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने सिविल लाइंस निवासी एक व्यक्ति से 4.46 लाख रुपये और 1440 अमेरिकी डॉलर ठग लिए। यह रकम ट्रेडिंग खाते में फर्जी लाभ दिखाने के बाद रकम निकालने पर कमीशन और अन्य शुल्क के नाम पर हड़पी गई। कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइंस निवासी राजीव संजय कैल्टन ने पुलिस को बताया कि उसके साथ सलोनी ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिये ठगी की गई। कुछ लोगों ने खुद को ट्रेडिंग सलाहकार बताकर उनसे व्हाट्सएप और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से संपर्क करके निवेश के लिए प्रेरित किया। ठगों ने उसके ट्रेडिंग खाते में लगातार नकली लाभ दिखाया, इससे उसका भरोसा बढ़ता गया।
उन्होंने जब लाभ की गई राशि निकालने का प्रयास किया तो कमीशन, टैक्स और अन्य शुल्क के नाम पर अतिरिक्त रुपये जमा करने को कहा गया। ठगों के झांंसे में आकर उन्होंने 4.46 लाख रुपये और 1440 अमेरिकी डॉलर जमा कर दिए। इसके बावजूद उसकी राशि जारी नहीं की गई तब उनको ठगी का अहसास हुआ। एसपी सिटी मानुष परीक ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।