फर्जी निशानी अंगूठों से मजदूरी निकालने का आरोप, डीएम ने शुरू कराई जांच
बरेली। ग्राम पंचायतों में हो रहे फर्जीवाड़े पर सख्त कार्रवाई के बाद भी सरकारी रकम का जमकर दुरुपयोग हो रहा है। सोमवार को धौरेरा माफी की ग्राम प्रधान के खिलाफ ग्रामीणों की शिकायत पर डीएम ने जिला कृषि रक्षा अधिकारी और रूरल इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के एक्सईएन को संयुक्त जांच सौंपी है।
बिथरी चैनपुर की ग्राम पंचायत धौरेरा माफी की प्रधान प्रियंका देवी के खिलाफ ग्रामीण सूरजपाल, राकेश, शोभा आदि ने संयुक्त रू प से डीएम को पत्र सौंपकर पंचायत के विकास को जारी निधि के दुरुपयोग की शिकायत की थी। आरोप है कि प्रधान ने अब तक एक बार भी मीटिंग नहीं बुलाई है, लेकिन एजेंडा और कार्यवाही रजिस्टर में फर्जी हस्ताक्षर कर रखे हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालयों के बजट से प्रत्येक पात्र से तीन सौ रुपये की कमीशनखोरी की है। इसके अलावा अपने रिश्तेदारों, चहेतों और अपात्रों के नाम मनरेगा में दर्ज कराकर फर्जी अंगूठे का निशान लगाकर रुपये निकाल रही हैं। साथ ही, पंप रिबोर, मिड-डे मील, पौधरोपण, श्मशान भूमि में विकास कार्य समेत अन्य निर्माण कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का बजट डकारा जा रहा है। प्रधान पर लगाए गंभीर आरोपों का डीएम ने संज्ञान लेते हुए जांच कमेटी गठित कर दी है। साथ ही, जांच में किसी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।