सीबीगंज। कान्हा उपवन गोशाला से संबंधित रिकॉर्ड गायब होने के मामले में नगर निगम के पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान ने थाना सीबीगंज में संचालन कर रहे ट्रस्ट के अध्यक्ष आचार्य संजीव गौड़ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि उन्होंने कान्हा उपवन से जुड़ा रिकार्ड गायब कर दिया है। वहीं, डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह के ट्रांसफर के बाद संचालन कमेटी बनाने का प्रस्ताव ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है।
पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि गोशाला संचालक आचार्य संजीव गौड़ ने कान्हा उपवन से संबंधित सभी रिकॉर्ड-रजिस्टर गायब कर दिए हैं या खुर्दबुर्द कर दिए हैं। गोशाला से संबंधित रिकॉर्ड मांगने पर भी उन्हें नहीं दिया गया। बृहस्पतिवार को तत्कालीन डीएम वीरेंद्र कुमार ने कान्हा उपवन का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने वहां का रिकॉर्ड मांगा तो बताया गया कि कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। रिकॉर्ड गोशाला संचालक ने गायब कर दिया है, इस पर उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए थे। वहीं, दूसरी ओर डीएम ने पार्षद पति सुखदीश कश्यप को कमेटी बनाकर कान्हा की देखरेख करने को कहा था लेकिन जब वह शुक्रवार को पहुंचे तो उन्हें अंदर नहीं घुसने दिया गया। इसे लेकर उन्होंने मेयर उमेश गौतम से शिकायत की है।
सुपुर्दगी में नहीं दिए वाहन
बृहस्पतिवार को तत्कालीन डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने कान्हा के पशु लोगों को सुपुर्दगी में देने की बात कही थी। शुक्रवार को कई ग्रामीण उपवन के गेट पर गायों की सुपुर्दगी के लिए पहुंचे लेकिन उन्हें वहां से बैरंग ही लौटना पड़ा। कर्मचारियों ने कहा कि पुराने डीएम का तबादला हो गया है जब तक नए डीएम नितीश कुमार कोई आदेश नहीं देते। गायों की सुपुर्दगी नहीं दी जाएगी। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को भी वहां गायों की जांच कर उन्हें दवाइयां दीं।
कान्हा में रिकार्ड गायब करने को लेकर संचालक पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अब वहां की व्यवस्थाएं सुधर रही हैं। शुक्रवार को भी पशुओं की जांच करके दवाइयां दी गईं। - संजीव प्रधान, पर्यावरण अभियंता
गोसेवा करने वालों को ही अपराधी बना दिया है, जबकि रिकार्ड कान्हा में ही था। हमारी गैरमौजूदगी में ताला तोड़ा तो निगम अफसर ही बता सकते हैं कि वहां से रिकार्ड कहां गया। - आचार्य संजीव गौड़, कान्हा संचालक