बरेली। सरकारी रास्ते की जमीन को अपना बताते हुए इसकी बिक्री करने के नाम पर तीन लोगों ने साढ़े आठ लाख रुपये की ठगी कर ली। इज्जतनगर थाना पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
इज्जतनगर के परतापुर चौधरी के अब्दुल कदीर ने अपने रिश्तेदार थाना हाफिजगंज के फरीदापुर चौधरी के मोहम्मद शकीद, अली मोहम्मद और इसी गांव के इकबाल हुसैन के खिलाफ जालसाजी कर धोखाधड़ी, कातिलाना हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। अब्दुल कादिर का आरोप है कि इन तीनों ने उसको रम्पुरा माफी में एक सरकारी जमीन को खुद का बताते हुए सौदा तय किया। जमीन देखने के बाद उसने दो लाख रुपये बयाना कर दिया। कुछ दिन बाद तीनों ने बाकी रकम मांगी। साढ़े छह लाख रुपये उसने और दिए। इसके बाद उसके नाम जमीन का इकरारनामा और मुख्त्यारेनाम कर दिया। उसे पता लगा कि जमीन सरकारी है। उसने एसडीएम, तहसीलदार के यहां अर्जी लगाकर पैमाइश कराई। पता लगा कि जिस जमीन के बदले उससे साढ़े आठ लाख रुपये लिये गए हैं वह राजस्व रिकॉर्ड में सरकारी रास्ता है। रुपये वापस मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। जान से मारने की नीयत से उस पर फायर भी झोंक दिया। इसमें वह बाल-बाल बच गया। अब्दुल कदीर की तहरीर पर पुलिस ने मोहम्मद शकील, अली मोहम्मद और इकबाल हुसैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। संवाद