बरेली। उच्चाधिकारी के आदेश के बावजूद निर्वाचन संबंधी पत्रावलियों को वापस न करने के मामले में निर्वाचन दफ्तर के वरिष्ठ लिपिक देवेंद्र कुमार शर्मा को निलंबित कर दिया गया है। डीएम की जांच रिपोर्ट के आधार पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने ये कार्रवाई की। कुछ दिन पहले ही लिपिक का आंवला ट्रांसफर किया गया था।
जिला निर्वाचन कार्यालय में तैनात रहे वरिष्ठ लिपिक देवेंद्र कुमार शर्मा का लोकसभा चुनाव के बाद पटल बदल दिया गया था। इसके बावजूद देवेंद्र ने निर्वाचन संबंधी पत्रावलियां अपने कनिष्ठ लिपिक को नहीं सौंपी। शिकायत के बाद डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने एडीएम प्रशासन वीके सिंह से करीब दो महीने पहले जांच शुरू कराई थी। वरिष्ठ लिपिक ने अपने जवाब में कहा था कि उन्होंने ज्यादातर रिकार्ड दे दिए हैं, लेकिन अधिकारियों का कहना था कि उनके खिलाफ कई और शिकायतें भी हैं। जांच में फंसे वरिष्ठ लिपिक का स्थानांतरण 10 अक्तूबर को आंवला में कर दिया गया। इसके साथ ही एडीएम प्रशासन की जांच रिपोर्ट को भी डीएम ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय भेज दिया था। इसके आधार पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने वरिष्ठ लिपिक देवेंद्र कुमार शर्मा को निलंबित करते हुए जिला निर्वाचन कार्यालय पीलीभीत से अटैच कर दिया गया है।