बरेली। भ्रष्टाचार के मामलों में बरेली एंटी करप्शन यूनिट तेजी से कार्रवाई कर रही है। इस साल छह लोगों को रिश्वत लेते पकड़ा जा चुका है। तीन महीने पहले बीएसए दफ्तर के दो बाबुओं के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में चार्जशीट दाखिल की गई। अब बदायूं विकास भवन के बाबू और वहीं के चकबंदी लेखपाल पर चार्जशीट लगाई गई है।
एसपी राजीव मल्होत्रा के निर्देशन में एंटी करप्शन की टीम ने भ्रष्टाचारियों के खिलाफ धरपकड़ अभियान चला रखा है। इस साल छह लोगों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें रुहेलखंड डिपो के बाबू राजीव सक्सेना, आंवला तहसील के कानूनगो ओमपाल सिंह, आंवला के ही लेखपाल फकीरचंद्र, शाहजहांपुर जल निगम का सहायक लेखाकार यासिर अली, बदायूं विकास भवन का बाबू राकेश राठौर और बदायूं के उघैती क्षेत्र का चकबंदी लेखपाल दुष्यंत कुमार शामिल है। इनमें से राकेश राठौर और दुष्यंत के खिलाफ चार्जशीट लगाई गई है। वहीं, फकीर चंद्र के खिलाफ चार्जशीट की तैयारी है। पिछले साल पीलीभीत के राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज का बाबू प्रशांत अवस्थी तीस हजार की रिश्वत लेते पकड़ा गया था। उसके खिलाफ इंस्पेक्टर पूजा शर्मा विवेचना कर रही हैं और जल्दी ही चार्जशीट लगाने की तैयारी है। उधर, रुहेलखंड डिपो के एआरएम सत्येंद्र कुमार वर्मा के खिलाफ साक्ष्य जुटाया जा रहा है। पिछले दिनों बाबू राजीव सक्सेना रिश्वत लेते पकड़ा गया तो मामले में एआरएम को भी आरोपी बनाया गया।
यहां करें भ्रष्टाचारियों की शिकायत
रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़वाने के लिए बरेली पुलिस लाइन के बाहरी हिस्से में बने एंटी करप्शन के दफ्तर में संपर्क किया जा सकता है। बरेली यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह के सीयूजी नंबर 9454401653 पर भी सीधे शिकायत कर सकते हैं। आय से अधिक संपत्ति के मामलों में शासन या उच्चस्तर से निर्देश के बाद जांच की जाती है।