नगर निगम ने समस्याओं को लेकर लोगों की भागदौड़ कम करने के लिए शहर को चार जोन में बांट दिया है। सभी जोन के कार्यालय भी बनकर तैयार हैं। इनमें रंगाई-पुताई के साथ शिफ्टिंग का काम शुरू हो गया है। जोन नंबर एक खलीलपुर सीबीगंज और जोन नंबर चार का कार्यालय प्रेमनगर थाने के सामने बनाया गया है। जोन नंबर दो और जोन नंबर तीन का कार्यालय नगर निगम दफ्तर में ही रहेगा।
शहर के चार जोन में बंटने और सभी जोन केे कार्यालय बन जाने से लोगाें को छोटे-छोटे काम के लिए नगर निगम दफ्तर नहीं जाना पड़ेगा। किसी भी तरह की समस्या का समाधान उनके इलाके से संबंधित जोन ऑफिस में ही किया जाएगा। वैसे तो जोन कार्यालय एक अक्तूबर शुरू करने का आदेश दिया गया है, लेकिन एक अक्तूबर को मुहर्रम और दो अक्तूबर को गांधी जयंती का अवकाश होने के कारण जोन ऑफिसों में कामकाज तीन अक्तूबर से शुरू होगा। सभी जोन ऑफिस में जोनल अधिकारी के अलावा स्वास्थ्य, जलकल, प्रकाश, निर्माण और कर विभाग के कर्मचारी बैठेंगे।
निगम की पुरानी चुंगियों पर कब्जा
जगतपुर, चक महमूद, नवादा शेखान और सहसवानी में नगर निगम की चुंगी चौकी बनी हुई है, लेकिन इनके भवन पर कब्जा है। इन चुंगियों में पहले निगम के कर्मचारी बैठते थे। सेटेलाइट पर भी एक छोटा कार्यालय है। वह भी बंद चल रहा है। पुरानी चुंगियों का सफाई व्यवस्था और कर वसूली पर निगरानी के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
जोन कार्यालयों में मिलेंगी ये सहूलियतें
सफाई कर्मियों की जानकारी और शिकायत।
टैक्स जमा करने में आसानी।
निर्माण से संबंधी जानकारी।
जल आपूर्ति की समस्या का समाधान।
पथ प्रकाश से जुड़ी समस्या का निदान।