तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए लाखों रुपए खर्च होने के बाद भी दुर्दशा।
फतेहगंज पूर्वी। कस्बे के मोहल्ला मुगलान से बहगुल नदी को जाने वाले रास्ते पर तालाब का सुंदरीकरण नगर पंचायत प्रशासन अभी तक नहीं करा सका है। इसके लिए करीब 28 लाख रुपये का बजट मिला था, लेकिन चार साल बाद कोई भी कार्य नहीं कराया जा सका। कस्बे के ओमप्रकाश ने तत्कालीन चेयरमैन व नगर पंचायत अधिकारियों पर गबन करने का आरोप लगाया है।
ओमप्रकाश व स्थानीय लोगों का कहना है कि सुंदरीकरण के नाम पर नगर पंचायत द्वारा रकम निकाल लिया गया, लेकिन उसमें सिर्फ पीली ईंट से एक दीवार खड़ी कर दी गई थी। इसके बाद लाखों रुपये निकाल लिए गए, जिसके बाद वह दीवार भी तालाब में ही समाहित हो गई। नगर के ओमप्रकाश दिवाकर ने अधिकारियों से इसकी शिकायत भी की थी। जनसूचना के माध्यम से जानकारी भी प्राप्त करने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ नहीं हुआ।
ओमप्रकाश ने हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि तालाब के सुंदरीकरण के नाम पर तत्कालीन चेयरमैन और नगर पंचायत के अधिकारियों ने लाखों रुपये का गबन किया है, लेकिन शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। ओमप्रकाश दिवाकर ने बताया कि वह मुख्यमंत्री के जनता दरबार में भी लिखित शिकायत दे चुके हैं। इधर, पूर्व चेयरमैन प्रदीप कुमार अग्रवाल ने बताया कि बजट 25 लाख में से करीब सात लाख रुपये आ गए। इतने ही राशि के अनरूप कार्य करवाए थे। उन पर लगे आरोप निराधार है।
जानकारी करने के बाद दिखवाएंगे : अधिशासी अधिकारी
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी राजन नाथ तिवारी ने बताया कि उन्हें इस मामले की पूर्णतया जानकारी नहीं है। क्योंकि मामला पुराना है। फिर भी जानकारी जुटाई जाएगी। आगे दिखवाया जाएगा।
संवाद