देर रात तक नहीं लगा कोई सुराग, थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज
विज्ञापन
बच्चे की तलाश में लगाई गई टीमें, कुछ संदिग्ध हिरासत में लिए
बरेली। बारादरी के मोहल्ला संजयनगर में रहने वाली खिल्लो देवी के चार वर्षीय नाती आकाश का बीते बुधवार को अपहरण कर लिया। काफी खोजबीन के बाद भी आकाश का कुछ सुराग नहीं लगा तो उन्होंने थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू करके कुछ संदिग्ध को हिरासत में लिया है।
संजयनगर की गोसाईं गौंटिया में रहने वाली खिल्लो देवी अपने नाती आकाश के साथ रहती हैं। खिल्लो ने बताया कि आकाश का पिता कुलदीप उर्फ बब्बन शराब का आदी है और वाहन चालक का काम करने के कारण घर से बाहर ही रहता है। कुलदीप की गलत आदतों के चलते ही पत्नी भी उसे छोड़कर जा चुकी है। खिल्लो देवी के मुताबिक 21 जुलाई को अपराह्न करीब चार बजे वह आकाश के साथ सब्जी लेने गई थीं। इसी बीच किसी ने उसका अपहरण कर लिया। उनका आरोप है कि इससे पहले भी मारवाड़ीगंज के पिंटू बैटरी वाले ने उसका अपहरण कर लिया था, तब पुलिस ने उसे मुश्किल से दिलाया था। अब उसका दोबारा अपहरण हो गया है। इसी आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पहले 55 हजार में पिता ने बेचा, अब हो गया अपहरण
पुलिस के मुताबिक तीन महीने पहले आकाश के पिता कुलदीप ने उसे रोहली टोला निवासी उस्मान को बेच दिया था। दादी की शिकायत पर करीब तीन महीने बाद पुलिस ने बच्चे को ढूंढ निकाला और बरामद करके परिवार वालों को सौंप दिया। यह जानकारी सामने आने पर पुलिस को शक है कि कहीं कुलदीप ने उसे दोबारा तो नहीं बेच दिया। इसी वजह से कुलदीप और उस्मान दोनों को थाना बारादरी में बैठाकर पूछताछ की जा रही है। इस दौरान उस्मान ने बताया कि वह डेयरी पर काम करता है और उसकी शादी को आठ साल हो चुके हैं। कोई बच्चा न होने के चलते उसने 55 हजार रुपये में बच्चे को कुलदीप से खरीदा था। वह अपने बेटे की तरह उसे पाल रहा था लेकिन पुलिस में शिकायत होने पर बच्चा वापस कर दिया। कहा कि बच्चे को कौन ले गया, उसे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।