हाफिजगंज। टॉफी दिलाने के बहाने तीस साल के ईंट-भट्ठा मजदूर ने चार साल की मासूम के साथ दरिंदगी की और फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी महिला ने बताया कि उसकी चार वर्षीय बेटी घर के बाहर खेल रही थी। तभी गांव का ही फारूख आया और दुकान से टॉफी दिलवाने के बहाने बेटी को पड़ोस के एक खाली मकान में ले गया। वहां बेटी से दरिंदगी करने लगा। काफी देर से बच्ची को गायब देखकर मां उसे खोजती हुई उधर पहुंची तो उस मकान से बच्ची के रोने की आवाज सुनी। वह अंदर गईं तो आरोपी बच्ची को छोड़कर भाग गया। मां बच्ची को लेकर थाने पहुंचीं और घटना की जानकारी दी। इंस्पेक्टर चेतराम वर्मा ने आरोपी को पकड़ने के लिए उसके घर दबिश दी लेकिन वह हत्थे नहीं आया। पुलिस ने मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बच्ची का पिता मजदूर है।
हाफिजगंज थाना क्षेत्र में बच्ची के साथ घटना के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे पकड़कर जेल भेजा जाएगा।
- राजकुमार अग्रवाल, एसपी देहात