मीरगंज। बुधवार रात कार में सीट को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने घायल महिला की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर शांति भंग की आशंका में चालान किया है।
पीड़िता बब्बो निवासी बहादुरपुर ने तहरीर में बताया कि वह अपने पति जाहिद अली एवं तीन बच्चों के साथ काम के सिलसिले में हरियाणा जा रहे थे। तभी वहीं पर आशान पुत्र जाहिद एवं उसका भाई अरशद, उसकी भाभी माहिरा व अर्चुन निवासी रैइयानगला पहुंच गए। कार में सीट को लेकर कहासुनी होने लगी। तभी चारों आरोपियों ने उसे एवं उनके पति के साथ मारपीट शुरू कर दी। रोड पर गिराकर पीटा, जिससे वह गंभीर घायल हो गई। मारपीट के कारण उसके कानों के कुंडल भी गायब हो गए। वहां पर भीड़ लग गई और कुछ लोगों ने बीच-बचाव कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। महिला को मेडिकल के लिए भेज दिया गया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी आशान का शांति भंग की आशंका में चालान किया है।
थानाध्यक्ष मीरगंज प्रयागराज सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद