बरेली। बिजली निगम की एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) का 28 फरवरी को समापन हो जाएगा। अब तक चार लाख बकायेदारों में से सिर्फ एक लाख उपभोक्ताओं ने ही योजना के तहत पंजीकरण कराया है।
बिजली निगम ने बकायेदार उपभोक्ताओं को राहत देते हुए 15 दिसंबर से ओटीएस लागू की थी। योजना के तहत बकाया बिजली बिल पर ब्याज और सरचार्ज में 100 प्रतिशत तक की छूट की व्यवस्था है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में चार लाख बकायेदार उपभोक्ता योजना के तहत पात्र थे। अब योजना का समापन होने में दो दिन का समय बचा है। योजना का लाभ लेने के लिए 26 फरवरी तक एक लाख उपभोक्ताओं ने ही पंजीकरण कराया है। इससे बिजली निगम को 90 करोड़ का राजस्व मिला है। अधिशासी अभियंता हरीश का कहना है कि अगले दो दिन में ज्यादा से ज्यादा पंजीकरण कराने के लिए अभियान चलाया जाएगा। संवाद