मानसून की विदाई के दौर में दो दिन से हो रही बारिश से पारा चार डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया। मौसम विशेषज्ञों ने अगले 24 घंटे में 30 से 40 मिमी और बारिश होने की भविष्यवाणी की है। आसमान में बादल छाए रहने और रिमझिम जारी रहने से भीषण गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है।
पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. एचएस कुशवाहा ने बताया कि 21 से 23 सितंबर तक 80 से 90 मिमी बारिश का अनुमान है। 50 मिमी बारिश हो चुकी है। लगातार बारिश से अधिकतम आद्रता 95 फीसदी से कम होकर 85 फीसदी पर आ गई है। तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। डा. कुशवाहा के अनुसार इस साल के मानसून में अब तक 530 मिमी बारिश हो चुकी है। अगले 24 घंटे में 30 से 40 मिमी और बारिश होने का अनुमान है। पूरे मानसून में 560 से 560 मिमी बारिश हो सकती है जो कि सामान्य का 56 फीसदी है। डा. कुशवाहा ने बताया कि जून से पहले 750 मिमी बारिश का अनुमान था लेकिन बंगाल की खाड़ी से बनने वाली हवाओं का दबाव कम हो गया जिससे मानसूनी बारिश में कमी आई।