बरेली। मैथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज की बेशकीमती जमीन और खेल के मैदान को भूमाफिया और उसके सहयोगियों ने कब्जा लिया। स्कूल से मिशन अस्पताल की ओर जाने वाली सड़क को भी चौहद्दी में मिलाकर खुर्द-बुर्द कर दिया। स्कूल प्रबंधन की शिकायत पर कमिश्नर ने तीन सदस्यीय टीम से मामले की जांच कराई। रिपोर्ट के आधार पर डीआईओएस ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
डीआईओएस डॉ. अजीत कुमार ने प्राधिकृत सचिव डॉ. न्यूटन एम परमार, नॉर्थ इंडिया रीजनल कॉन्फ्रेंस एग्जीक्यूटिव बोर्ड के अधिशासी सचिव सुनील मसीह, साझीदार फर्म क्षितिज इंटरप्राइजेज व हरीश अरोरा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया है कि किला छावनी निवासी अमर सिंह राठौर की शिकायत पर मंडलायुक्त ने अपर आयुक्त प्रशासन प्रीति जायसवाल, एसपी सिटी मानुष पारीक, एडीएम सिटी सौरभ दुबे को जांच सौंपी थी।
जांच रिपोर्ट में यह स्पष्ट किया गया है कि कॉलेज की मान्यता के लिए शिक्षा विभाग से जो पत्राचार किया गया, उसमें खेल का मैदान 20,000 वर्गमीटर दर्शाया था। तीन खेल के मैदान, एक बाॅस्केटबॉल और एक वाॅलीबाॅल कोर्ट का उल्लेख किया गया था। वर्ष 2009 में एक लीज डीड तैयार की गई। इसके बाद कॉलेज से मिशन अस्पताल जाने वाली सड़क को लीज वाली विवादित चौहद्दी में शामिल कर कब्जा कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में विद्यालय के खेल मैदान की भूमि गलत तरीके से खुर्द-बुर्द करने और उस पर कब्जा करने के आरोप सही पाए गए। कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - मानुष पारीक, एसपी सिटी