बाढ़ के पानी से होकर निकलते वाहन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
शहर के कई और निचले इलाकों में भी हुआ जलभराव, परेशान रहे लोग
बरेली। दो दिनों से लगातार बारिश से शहर में हर तरफ जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सीवर लाइन की खोदाई के चलते शहर के सभी मुख्य मार्गों पर जलभराव हो गया है। सबसे ज्यादा खराब स्थिति किला रोड की है। लोगों का निकलना दुश्वार है। पानी में बंद हो जाने के बाद लोगों को पैदल बाइकें खींचकर निकालनी पड़ीं।
शहर में बिछाई जा रही सीवर लाइन से सड़कें पहले से ही उधड़ी पड़ी हैं। इधर, लगातार हो रही बारिश से सड़कों पर दलदल हो गया है। सबसे बुरी हालत किला रोड की है। यहां से निकलना दुश्वार है। बृहस्पतिवार को बारिश होने पर यहां फिर जलभराव हो गया। लोग पैदल दोपहिया वाहनों को खींचते रहे। यही हाल अलखनाथ मंदिर रोड का रहा। यहां भी सीवर खोदाई के काम के चलते हालत खराब है। हजियापुर में देर रात तक पानी नहीं निकल सका। संजयनगर रोड अधूरी पड़ी होने से भी दिक्कत रही। इसके कारण यहां भी बाजार में जलभराव की स्थिति रही। इसके अलावा शहर के सभी निचले इलाकों में बारिश के काफी देर बाद तक जलभराव की स्थिति बनी रही। सुभाषनगर पुलिया के नीचे से निकलने का रास्ता भी बारिश के दौरान बंद रहा।