बरेली के हाफिजगंज क्षेत्र में डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार पूर्व प्रधान की पत्नी व मां सड़क पर गिर गई। डंपर उनको कुचलता हुआ निकल गया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा भतीजा खंती में जाकर गिरा। वह चोटिल हुआ है। हादसे से उनके परिवार में कोहराम मच गया।
थाना हाफिजगंज के गांव रम्पटिया बिसारत अली के पूर्व प्रधान दिनेश मौर्य ने बताया कि शनिवार शाम उनका भतीजा अमर सिंह की बाइक से उनकी पत्नी कंचन (36 वर्ष) व मां उर्मिला देवी (62 वर्ष) को लेकर गांव सनेकपुर स्थित मौजी बाबा के आश्रम से घर लौट रहा था।
अस्पताल में हुई दोनों की मौत
शाम करीब सात बजे सनेकपुर गांव के समीप पीछे से मिट्टी भरे डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। भतीजा खंती में जाकर गिरा, जिससे वह बच गया। जबकि डंपर के कुचलने से उनकी पत्नी कंचन व मां उर्मिला देवी गंभीर घायल हो गईं। सूचना पर इंस्पेक्टर पवन कुमार सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों घायल को एंबुलेंस से अस्पताल ले गए, जहां दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।