बरेली। पीलीभीत जिले की बीसलपुर नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन ने रुपये के लेन-देन के विवाद में इज्जतनगर के ढाबा मालिक पर चाय में नशा देकर घर में बंधक बनाने व पिटाई करने का आरोप लगाया। ढाबा मालिक ने उनके खिलाफ चोरी की तहरीर दी। इज्जतनगर थाना पुलिस ने जांच की तो दो पार्टनरों में रुपये के लेन-देन का विवाद निकला।
बीसलपुर के पूर्व चेयरमैन नूर अहमद ने इज्जतनगर थाने में तहरीर दी कि पीरबहोड़ा निवासी अनीस के बहनोई शारिक से उनकी पत्नी रेहाना बेगम का जमीन को लेकर मुकदमा चल रहा है। अनीस ने उनसे 35 लाख रुपये में समझौता कर लिया। इन लोगों ने 10,85,000 रुपये ही दिए। बाकी रुपये मांगने पर लखनऊ रोड स्थित अपने ढाबे पर बुलाया और चाय में नशा देकर नूर अहमद को बेहोश कर दिया। आरोप है कि इसके बाद अनीस उनको अपने स्कूल में ले गया। वहां जंजीर से बांधकर पीटा। सोमवार को नूर अहमद ने जैसे-तैसे बंधन खोले और छत से कूदकर भाग आए। सेटेलाइट चौराहे पर परिचित के होटल पहुंचकर उन्होंने घर सूचना दी।
इधर, अनीस ने इज्जतनगर थाने में तहरीर दी कि शाम के वक्त उनकी गैरमौजूदगी में उनके घर में किसी ने चोरी कर ली। घर से दो लाख रुपये, जेवर और बाइक गायब मिली। उन्होंने जानकारी की तो पता लगा कि नूर अहमद और उनके लोगों ने यह चोरी की है। दोनों ही पक्षों के दावों की डेलापीर चौकी प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने जांच की। इज्जतनगर इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि दोनों ही पक्ष पार्टनर हैं। दोनों में असली विवाद रुपये के लेन-देन का है। दोनों पक्षों को चेतावनी दी है कि यह विवाद तत्काल सुलझा लें, अन्यथा पुलिस अपनी ओर से कार्रवाई करेगी। ब्यूरो