केककाटकर जन्मदिन मनाते कोराना संक्रमित।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
जिंदादिली का दिया संदेश, पार्षद अवनेश के साथ कोविड सेंटर का स्टाफ भी थिरका
बरेली। इज्जतनगर रेलवे के कोविड-19 सेंटर में एक संक्रमित छात्रा का बर्थ-डे मनाया गया। केक काटने के बाद एक पार्षद समेत दूसरे संक्रमितों और स्टाफ ने जमकर डांस किया। इसका वीडियो वायरल कर दूसरे संक्रमितों को संदेश दिया गया कि कोरोना से डरें नहीं, बल्कि जिंदादिली के साथ उसका मुकाबला करें।
कोरोना महामारी में लोग मानसिक तनाव झेलने को मजबूर हैं, लेकिन कुछ संक्रमितों ने साबित कर दिया है कि मुश्किल पलों को भी मस्ती के साथ जिया जाए तो कोई समस्या नहीं रहती। रविवार रात रेलवे कोविड सेंटर में एक संक्रमित छात्रा के जन्मदिन पर बाकी संक्रमितों ने जश्न मनाया। लोगों ने साथ मिलकर केक काटा और छात्रा को बधाई दी। इज्जतनगर क्षेत्र के पार्षद अवनेश कुमार उर्फ छोटा योगी ने भी छात्रा को केक खिलाकर उपहार दिए। सोमवार को फिर जश्न मनाया गया। संक्रमितों और स्टाफ ने जमकर डांस किया। इससे संक्रमित लोगों को मानसिक तनाव कम करने का मौका मिला। जन्मदिन और डांस पार्टी का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। पार्षद का कहना है कि सेंटर में भर्ती लोग संक्रमित जरूर हैं लेकिन जीवन के प्रति दृढ़ इच्छाशक्ति उनके पास है। इस डांस और वीडियो के जरिये दूसरे संक्रमितों को संदेश दिया है कि वे मायूस न हों। खुशी के हर पल को पूरी शिद्दत से जिएं। कोरोना से जंग हरहाल में जीतेंगे।