बरेली। श्यामगंज किराना बाजार एसोसिएशन ने सोमवार से 26 जुलाई तक बंदी का एलान किया था लेकिन इसके बावजूद सोमवार को श्यामगंज में किराना बाजार खुला रहा। एसोसिएशन के अध्यक्ष गुलशन सब्बरवाल ने व्यापारियों के लगातार कोरोना की चपेट आने का हवाला देते हुए 20 से 26 जुलाई तक थोक किराना और मेवा की दुकानें बंद रखने का आह्वान किया था लेकिन पहले ही दिन यह आह्वान बेअसर दिखाई दिया। थोक ड्राई फ्रूट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय आनंद ने पहले ही इसका फैसले पर विरोध जताया था। उन्होंने बताया कि सोमवार को सुबह नौ बजे सामान्य ढंग से बाजार खुला। बंद का आह्वान करने वाले लोगों ने खुद भी पूरे दिन अपनी दुकानें खोले रखीं। हालांकि एसोसिएशन अध्यक्ष गुलशन सब्बरवाल ने दावा किया कि किराने की सारी दुकानें बंद रहीं।