बरेली। डिस्ट्रिक्ट फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित जिला फुटबॉल लीग का फाइनल मुकाबला रविवार को झुमका सिटी और फुटबॉल हॉस्टल ट्रेनीज के मध्य खेला गया। इसमें फुटबॉल हॉस्टल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए झुमका सिटी को 4-0 से मात दी।
खेल के पहले हाफ के पांचवें मिनट में फुटबॉल हॉस्टल के मोहम्मद आदिल ने 20 गज की दूरी से एक जोरदार शॉट लगाया। झुमका सिटी के गोलकीपर अरविंद वर्मा इसे भांप नहीं पाए और गेंद सीधे गोल में चली गई। पहले हाफ तक हॉस्टल की टीम 1-0 के स्कोर से आगे रही।
खेल के 55वें मिनट में सचिन, 59वें मिनट में एक बार फिर मोहम्मद आदिल और 69वें मिनट में गौरव मदेशिया ने गोल दागकर फुटबॉल हॉस्टल को 4-0 की निर्णायक बढ़त दिला दी। इससे पहले झुमका सिटी ने महानगर को 3-0 से और हॉस्टल ने मेथोडिस्ट को 4-2 से हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई थी।
फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि भूपेंद्र सिंह धोनी (सीओ देहरादून) रहे। गेस्ट ऑफ ऑनर विजय राणा (ईओ बरेली) रहे। सभी पुरस्कार रोटरी क्लब बरेली की ओर से दिए गए। टूर्नामेंट में हर्षित शाही को बेस्ट स्कोरर, शिव प्रसाद को बेस्ट परफॉर्मेंस और अरविंद वर्मा को बेस्ट गोलकीपर चुना गया। इस दौरान अनिल पुंडीर, प्रभात कुमार, अर्जुन भगत, दलीप जोशी, मंजीत सिंह आदि मौजूद रहे।