बरेली। ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए अंदरखाने चल रहीं सरगर्मियां अब तेज हो जाएंगी। राज्य निर्वाचन आयोग के आदेश पर सोमवार को डीएम इस चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर देंगे। डीएम ही इस चुनाव के लिए रिटर्निंग आफिसर बनाए गए हैं। वह हर ब्लाक के लिए एआरओ नियुक्ति करेंगे। चुनाव के लिए आयोग पहले ही अधिसूचना जारी कर चुका है। पांच फरवरी को सुबह 11 से अपराह्न तीन बजे तक नामांकन होंगे। उसी दिन तीन बजे के बाद से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। अगले दिन छह फरवरी को सुबह 11 से अपराह्न तीन बजे तक नाम वापसी का समय नियत है। सात फरवरी को सुबह 11 से अपराह्न तीन बजे तक मतदान होगा। उसके बाद तीन बजे से मतगणना शुरू करके जीतने वालों के नाम घोषित कर दिए जाएंगे।
जिले के 15 ब्लाकों में प्रमुख पदों के लिए चुनाव होना है। नामांकन, नाम वापसी, मतदान और मतगणना की प्रक्रिया ब्लाक मुख्यालयों पर होगी लेकिन मतगणना परिणाम जिला मुख्यालय पर घोषित किए जाएंगे। सभी ब्लाकों में मतगणना के बाद रिटर्निंग ऑफिसर डीएम गौरव दयाल कलेक्ट्रेट पर जीतने वाले प्रत्याशियों की घोषणा करेंगे। वहीं, सभी ब्लाकों में प्रमुखी के लिए सरगर्मियां तेज हैं। चुनाव की तैयारी में जुटे प्रत्याशी बीडीसी सदस्यों को साधकर नामांकन कराने का मन बनाए हुए हैं। प्रत्याशियों ने बीडीसी सदस्यों पर नजरें लगा दी हैं। अंदरखाने उन्हें साधे रखने की पूरी कोशिश की गई है। खास तौर पर बिथरीचैनपुर ब्लाक में रोचक और कड़े मुकाबले के आसार बने हुए हैं, जहां बसपा और सपा प्रत्याशियों के बीच चुनाव होना है।