अव्यवस्था से नाराज किसानों ने महापंचायत कर धरना दिया, आश्वासन पर लौटे
संवाद न्यूज एजेंसीफरीदपुर। बहगुल नदी में आई बाढ़ से सैदापुर गांव के पास बने पुल के समीप सड़क बह गई। करीब 25 गांव के लोगों का आवागमन बंद हो गया। मार्ग सही करने के लिए इन गांवों के ग्रामीणों व किसानों ने कई बार अधिकारियों से मांग की, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। अधिकारियों द्वारा अनदेखी करने से नाराज भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिला अध्यक्ष चौधरी सोमवीर सिंह ने किसान यूनियन के सैकड़ों कार्यकर्ता व क्षेत्र के हजारों किसानों के साथ मिलकर 15 अगस्त को सैदपुर पुल के पास सड़क पर ही टेंट लगवा कर महापंचायत बुलाई और हजारों की संख्या में धरने पर बैठ गए। मार्ग बनवाने की जिद पर एसडीएम फरीदपुर अजय कुमार उपाध्याय व पीडब्ल्यूडी के एक्सीएन के आश्वासन के बाद किसानों ने अपना धरना समाप्त किया।
पचौमी गांव से सीधे सैदापुर गांव होते हुए खुदागंज रोड को जाने वाला मार्ग नदी में आई बाढ़ से गांव में सड़क कट गई, जिससे लोगों का आवागमन बंद हो गया। किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष ने एसडीएम को ज्ञापन दिया, जिसमें मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन जिला महासचिव चौधरी सत्येंद्र सिंह, तहसील अध्यक्ष सुनील यादव, राधेश्याम प्रधान, जिला उपाध्यक्ष सतपाल गंगवार, नेपाल, धनपाल, चौधरी संजीव सिंह, भगवान दास मौर्य, भगवत शरण गंगवार आदि मौजूद रहे।