जांच के दौरान टीम को 83 सिलिंडर मिले, पूछने पर स्पष्टीकरण नहीं दे पाया आरोपी
बहेड़ी। दुकान में गैस सिलिंडरों का अवैध रूप से भंडारण कर उनकी कालाबाजारी करने के मामले में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के अनुमोदन के बाद पूर्ति निरीक्षक की ओर से पुलिस को आरोपी के खिलाफ तहरीर दी गई है। इसके अलावा मौके पर जांच करने पहुंची टीम को तलाशी के दौरान 83 सिलिंडर मिले, जिसे एक अन्य गैस एजेंसी को सुपुर्द कर दिया गया है।
15 अगस्त को जिला पूर्ति अधिकारी को गांव मुड़िया नबी बक्श के बाजार में एक व्यक्ति द्वारा घरेलू गैस सिलिंडर की कालाबाजारी किए जाने की शिकायत मिली थी। डीएसओ के निर्देश पर मामले की जांच करने गए क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विवेक कुशवाहा व सप्लाई इंस्पेक्टर अरुण प्रकाश वाजपेयी को दुकान मालिक राजकुमार मिले। दुकान की तलाशी के दौरान वहां इंडियन ऑयल कंपनी के 19 भरे, 14 खाली सिलिंडर और एचपी कंपनी के 44 भरे व पांच खाली सिलिंडर बरामद किए गए। इनके बारे में दुकानदार कोई साक्ष्य उपलब्ध नहीं करा सका। पूछताछ में विभागीय टीम को दुकानदार राजकुमार ने बताया कि वह इन सिलिंडरों को गांव पचपेड़ा व गुरसौली की गैस एजेंसियों से प्राप्त कर अपने ग्राहकों को बेचता था। संवाद