बरेली। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए अब शहरी क्षेत्र के पांच नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (यूपीएचसी) के उच्चीकरण की तैयारी है। शासन से निर्देश जारी होने के बाद संबंधित केंद्र की तलाश शुरू की गई है। यहां रोस्टर के तहत विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को देखेंगे।
जिला स्वास्थ्य समिति की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन (पीएम-अभीम) के तहत तीन और 15वें वित्त से दो पॉलीक्लीनिक स्थापित किए जाने प्रस्तावित हैं। इसके लिए सीएमओ उच्चाधिकारियों से मंथन कर पांच केंद्र का चयन करेंगे।
यहां संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श मिल सके। पॉलीक्लीनिक यानी यूपीएचसी उच्चीकरण होने पर फिजियोथेरेपी, नेत्र, त्वचा, महिला रोग, दंत, हड्डी रोग विशेषज्ञ रोस्टर के तहत मरीजों को देखेंगे। पैथोलॉजी में जांच संबंधी उपकरण बढ़ेंगे।
सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह के मुताबिक पांच यूपीएचसी के चयन की प्रक्रिया चल रही है। एक केंद्र पर सहमति बन भी चुकी है। जल्द ही सभी यूपीएचसी का चयन कर निर्देशानुसार पॉलीक्लीनिक की सेवाएं शुरू की जाएंगी। ब्यूरो