नवाबगंज। सीएचसी में अपने नाती को रैबीज का टीका लगवाने पहुंचे एक किसान की जेब में रखे पांच हजार रुपये निकाल कर उचक्का फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही किसान ने थाना में जाकर तहरीर दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
थाना हाफिजगंज क्षेत्र के सुकटिया गांव के विजयपाल मंगलवार को नवाबगंज में स्थित सीएचसी में अपने नाती गौरव गंगवार को रैबीज का टीका लगवाने गए थे। वह लाइन में लगकर पर्चा बनवा रहे थे। इसी बीच लाइन में लगे किसी उचक्के ने उनकी जेब में रखे पांच हजार रुपये निकाल लिए। कुछ देर के बाद उन्हें जानकारी हुई।
किसान विजयपाल ने बताया कि वह रुपये डाकखाने में उनकी नातिन का कन्या समृद्धि योजना में रुपये जमा करने गए थे, लेकिन किसी ने जेब से ये रुपये निकाल लिए। संवाद