फरीदपुर। उच्च प्राथमिक विद्यालय में घुसकर दबंगों ने पांच छात्रों से मारपीट की है। स्कूल की इंचार्ज अंजू शर्मा ने गांव के ही भूरे यादव व उसके पुत्र राहुल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल रहा। कई छात्र व छात्राएं सहम गए।
फरीदपुर के मोहल्ला बक्सरिया निवासी अध्यापिका अंजू शर्मा क्षेत्र के गांव कीरतपुर परेवा गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में इंचार्ज हैं।
उन्होंने फरीदपुर थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि मंगलवार दोपहर 11 बजे स्कूल में लंच चल रहा था। स्कूल के छात्र पीयूष (14) , अनमोल (12), प्रिंस गिरि (13), ब्रजेश गिरि (12), गौतम (14) नल पर पानी पीकर स्कूल में आ रहे थे। स्कूल के पड़ोस में रहने वाले भूरे यादव व उसका पुत्र राहुल स्कूल परिसर में डंडे लेकर पहुंचा और उसने इन सभी छात्रों को बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने छात्र-छात्राओं के सामने गालियां भी दीं। विरोध करने पर आरोपियों ने धमकी दी।
कक्षाओं में छिपे विद्यार्थी : स्कूल की इंचार्ज के साथ पांचों पीड़ित विद्यार्थी रोते हुए थाने पहुंचे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पीड़ित विद्यार्थियों का मेडिकल कराया है। इंचार्ज ने बताया कि दबंगों ने जब मारपीट की, तब अन्य छात्र-छात्राएं डर से सहम कर कक्षाओं में छिप गए। संवाद