रिपोर्ट दर्ज होने के बाद घरवालों ने भगाया तो एक युवक लौट आया
बरेली। कोरोना के संदिग्ध लोगों का परीक्षण कराने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीमें उन्हें 14 दिनों के लिए अस्पताल में ही क्वारंटीन कर रही हैं। रामवाटिका के पास बने नए 300 बेड के अस्पताल में रखे गए पांच कोरोना संदिग्ध बृहस्पतिवार शाम स्टाफ को चकमा देकर अस्पताल से भाग निकले। इससे विभाग में हड़कंप मच गया।
अधिकारियों के फोन पर समझाने के बावजूद कोई नहीं लौटा तो उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। बाद में घरवालों के भगाने पर एक युवक खुद ही देर रात लौट आया। बारादरी क्षेत्र स्थित 300 बेड के नए अस्पताल में कोरोना संदिग्ध लोगों को क्वारंटीन किया गया है। इनमें से भोजीपुरा का युवक, शाही की महिला और बारादरी मोहल्ले के युवक समेत पांच लोग स्टाफ की नजर बचाकर भाग गए। अस्पताल स्टाफ के मुताबिक बृहस्पतिवार शाम वार्ड में इनके बेड खाली मिले। अस्पताल परिसर में ढूंढने पर भी ये लोग नहीं मिले तो अधिकारियों को सूचना दी गई। इससे विभाग में हड़कंप मच गया।
अस्पताल पहुंचे सीडीओ, एएसपी और इंस्पेक्टर बारादरी ने संदिग्धों की डिटेल निकालकर उन्हें कॉल की। सभी से लौटने को कहा गया पर वे नहीं माने। इसके बाद डॉ. कफील खान की ओर से सभी के खिलाफ बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। स्टाफ ने बताया कि चक महमूद में रहने वाला युवक देर रात खुद ही अस्पताल लौट आया और अपने बेड पर जाकर लेट गया। उसने बताया कि घरवालों ने ही उसे भगा दिया और अस्पताल जाने को कहा।