गांव मनकरी का मामला, एक बच्ची की हालत गंभीर, भीड़ ने कुत्ते को मार डाला
फतेहगंज पश्चिमी। गांव मनकरी में बृहस्पतिवार को कुत्ते के हमले में तीन बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए। इनमें से एक बच्ची की हालत गंभीर है। परिजनों ने घायल बच्चों को स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने कुत्ते को घेरकर मार डाला।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव मनकरी में मंदिर पर आयोजित खिचड़ी भोज से लौट रही पांच वर्षीय लक्ष्मी, आठ वर्षीय प्रज्ञा, तीन वर्ष के अभी, 35 वर्षीय कपिल और 60 वर्षीय भोले पर कुत्ते ने हमला कर उनको जख्मी कर दिया। कुत्ते के हमले में बच्ची लक्ष्मी के चेहरे पर गहरे घाव बन गए। इस बीच ग्रामीणों ने आकर उनको बचाया। प्रधान अमिता देवी ने बताया कि गांव में कुत्तों का आतंक है। इनको पकड़वाकर जंगल में छोड़ने की मांग अधिकारियों से की गई है। सचिव हर्ष चौहान ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। गंभीर घायल बच्ची जिला अस्पताल में भर्ती है। कुत्ते को मारने की सूचना नहीं मिली है। हालांकि, कुत्तों को पकड़वाकर टीकाकरण कराया जाएगा। संवाद