25 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज, बलवा की धारा भी लगाई, तीन आरोपियों को भेजा जेल
फरीदपुर (बरेली)। एमएलसी कुंवर महाराज सिंह के घर में घुसने के मामले में पुलिस ने पीड़ित पंचम यादव की ओर से गुड्डू उर्फ अली मोहम्मद समेत 25 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। जान से मारने की कोशिश से लेकर बलवा तक धाराएं लगाई गई हैं। वहीं, तीन आरोपियों को कोर्ट ने बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया।
मोहल्ला फर्रखपुर निवासी पंचम यादव की सब्जी मंडी में मीट की दुकान है। दूसरे समुदाय का गुड्डू उर्फ अली मोहम्मद चूड़ी की दुकान चलाता है। पंचम और गुड्डू में बुधवार शाम झगड़ा हो गया। गुड्डू ने अपने करीब 25 साथी बुला लिए। गुड्डू के चंगुल से छूटकर पंचम दौड़ा और जान बचाने के लिए रामपुर-बरेली सीट से एमएलसी कुंवर महाराज सिंह के घर में घुस गया।
घर में बैठीं एमएलसी की पत्नी व मैनेजर डिंपल सिंह ने टोका लेकिन पीछे से आए गुड्डू व उसके 25 साथी भी आवास परिसर में घुस गए। गालीगलौज करते हुए दूसरे समुदाय के इन लोगों ने मैनेजर से अभद्रता की।
मैनेजर घबरा गए और बरेली में मौजूद एमएलसी को फोन किया। एमएलसी ने इंस्पेक्टर फरीदपुर को कॉल की। पुलिस को आता देख हमलावर भाग गए थे। मामले में पंचम ने गुड्डू समेत 25 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मोईन, आफताब व आरिफ को बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया गया। आरोपी गुड्डू अपनी दुकान बंद कर भाग गया है। संवाद
-
भाजपा जिलाध्यक्ष ने इंस्पेक्टर को बुलाया
घटना की चर्चा होते ही एमएलसी के आवास पर तमाम कार्यकर्ता एकत्रित हो गए। बृहस्पतिवार को भाजपा की आंवला इकाई के जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह भी एमएलसी के घर पहुंचे। उन्होंने एमएलसी से बातचीत करने के बाद थाना प्रभारी राधेश्याम को कॉल कर आवास पर बुलाया। अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए कहा। इंस्पेक्टर ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें लगाई गई हैं। जल्दी ही गुड्डू व अन्य आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।