बरेली। कैंट थाना क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार रात मुठभेड़ के दौरान पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से दो तमंचे, लूटी गई अंग्रेजी शराब व दो बाइकें बरामद की गई हैं। इन बदमाशों ने कुछ दिन पहले शराब की दुकान में चोरी की थी। आरोपियों ने कई और घटनाएं कबूल की हैं। पैर में गोली लगने से घायल रविंद्र को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैंट थाना प्रभारी राजेश कुमार के मुताबिक, ये बदमाश रात में कठपुला पुल के पास से होकर गुजर रहे थे। पुलिस ने रोका तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो भमोरा थाना क्षेत्र के गांव धनोरा निवासी रविंद्र के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने रविंद्र के साथ ही धनोरा गांव निवासी सियानंद उर्फ श्याम, भमोरा थाना क्षेत्र के तजपुरा निवासी गुड्डू, बिशारतगंज थाना क्षेत्र के गांव ढका निवासी जगतपाल और बदायूं के दातागंज थाना क्षेत्र के गांव सेरहा निवासी अवनीश को गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो