बदायूं में महाशिवरात्रि के अवसर पर शनिवार को गंगा स्नान करने के दौरान एमबीबीएस के पांच छात्र बह गए। इनमें से दो छात्रों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया, जबकि तीन का पता नहीं चल सका है। तीनों की तलाश में गोताखोर लगाए गए हैं। अमरोहा से एसडीआरएफ की टीम भी बुलाई गई है। हादसे की जानकारी छात्रों के परिवार वालों को दे दी गई है।
हादसे की सूचना पर डीएम मनोज कुमार, एसएसपी डॉ. ओपी सिंह तमाम पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कछला गंगा घाट पर पहुंच गए। उनके निर्देश पर तत्काल प्रभाव से गोताखोरों की टीम लगा दी गई। डीएम ने बताया गया कि यह हादसा दोपहर करीब करीब एक बजे हुआ। राजस्थान के भरतपुर निवासी 23 वर्षीय अंकुश, गोरखपुर निवासी 22 वर्षीय प्रमोद यादव, हाथरस निवासी 22 वर्षीय नवीन सेंगर, बलिया निवासी 24 वर्षीय पवन यादव और जौनपुर निवासी 26 वर्षीय जय मौर्य राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं में एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र हैं।