सुबह चार बजे लगा जाम नौ बजे के बाद खुल सका, दोपहर तक रेंगते रहे वाहन
फतेहगंज पूर्वी। लखनऊ हाईवे पर हुलासनगरा क्रासिंग के पास बृहस्पतिवार रात कई वाहन खराब होने की वजह से शुक्रवार सुबह चार बजे से जाम लगना शुरू हो गया, जोकि करीब पांच घंटे तक लगा रहा। इसके बाद भी दोपहर तक वाहन रेंगते रहे।
हुलासनगरा क्रासिंग पर ओवरब्रिज निर्माण की धीमी रफ्तार की वजह से जाम की समस्या हाईवे पर निकलने वालों के लिए नासूर बन गई है। क्रासिंग के दोनों तरफ बड़े-बड़े गड्ढों की वजह से भी हमेशा जाम लगा रहता है। बृहस्पतिवार को सड़क निर्माण कंपनी के कर्मचारियों ने क्रासिंग के दोनों तरफ के गड्ढे पत्थर और ईंटों का रोड़ा डालकर भर दिए थे, इससे कुछ राहत मिली, लेकिन शुक्रवार सुबह चार बजे दिल्ली से किराना का सामान लेकर बिहार जा रहे ट्रक के दोनों टायर फट गए। इस वजह से ट्रक निर्माणाधीन ओवरब्रिज से पहले खड़ा हो गया। ट्रक के थोड़ा आगे एक डीसीएम भी खराब हो गई। दो वाहन एक ही साइड में खराब होने की वजह से जाम लगना शुरू हो गया, जोकि फतेहगंज पूर्वी तक पहुंच गया और उधर क्रॉसिंग के दूसरी तरफ मीरानपुर कटरा की ओर एक किलोमीटर तक। हुलासनगरा चौकी पुलिस ने दोनों वाहनों को एक साइड करवाया वाहनों के निकलने की जगह बनवाई, इसके बाद कुछ राहत मिली। हालांकि शुक्रवार सुबह नौ बजे तक वाहन जाम में फंसे रहे।