अप लाइन पर रविवार को ट्रेनों के पहिए थम गए। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल के अंतर्गत रोजा जंक्शन से नजीबाबाद तक सुबह 11 से शाम चार बजे तक मेगा ब्लॉक के दौरान कई ट्रेनों को रास्ते में रोकना पड़ा। दो दर्जन से ज्यादा मालगाड़ियां अलग-अलग स्टेशन के यार्ड में खड़ी रहीं। ब्लॉक से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अब सोमवार को डाउन लाइन पर गाजियाबाद से आलमनगर तक मेगा ब्लॉक लिया जाएगा।
रेल ट्रैफिक के लिहाज से मुरादाबाद रेल मंडल काफी व्यस्त है। इसमें भी दिल्ली-लखनऊ मेल लाइन पर सवारी और मालगाड़ियों का ट्रैफिक पहले के मुकाबले कई गुना ज्यादा है। अप और डाउन लाइन पर एक सप्ताह से मेंटीनेंस, स्लीपर बदलने का काम चल रहा है। इसके चलते बार-बार मेगा ब्लॉक लेने हो रहे हैं।
रेलवे ने इससे पहले अप लाइन पर छह और सात अप्रैल को मेगा ब्लॉक लिया था। इसके बाद आठ अप्रैल को डाउन लाइन पर मेगा ब्लॉक रहा। तीन दिन मेगा ब्लॉक के बावजूद रेल मंडल में रेल ट्रैक, ओएचई मेंटिनेंस और स्लीपर बदलने का काम पूरा नहीं हो सका था। ऐसे में रविवार को अप लाइन पर पांच घंटे का मेगा ब्लॉक लेकर काम पूरे किए गए।
ब्लॉक के दौरान सियालदह एक्सप्रेस, प्रयाग-बरेली पैसेंजर, अवध-असम एक्सप्रेस, त्रिवेणी एक्सप्रेस, जननायक, गंगा-सतलज एक्सप्रेस, जननायक एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस समेत करीब एक दर्जन ट्रेनें प्रभावित हुईं। डीओएम प्रभाष राघव ने बताया कि सोमवार को डाउन लाइन पर पांच घंटे का मेगा ब्लॉक प्रस्तावित है। मेगा ब्लॉक के संबंध में यात्रियों को विभिन्न माध्यम के जरिए पहले से सूचनाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
- रविवार को अप लाइन पर ब्लॉक
रोजा से बरेली कैंट सुबह 11:05 से शाम 04:05 बजे तक
बरेली कैंट से बरेली दोपहर 12:40 से शाम 5:30 बजे तक
बरेली से रामपुर सेक्शन सुबह 11.30 से शाम 4:00 बजे तक
रामपुर से मुरादाबाद सेक्शन 12:20 से शाम 5:20 बजे तक
मुरादाबाद से मोअज्जमपुर सुबह 8:55 से शाम 4:20 बजे तक
मोज्जमपुर से नजीबाबाद सुबह 11:00 से शाम 4:00 बजे तक