फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पांच डिग्री लुढ़का पारा... आज भी झेलनी पड़ सकती है कड़ाके की ठंड

विज्ञापन
दिन में भी वाहनों की लाइट जलाकर चले लोग। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
विज्ञापन

पहाड़ों की सर्द हवाओं से ठिठुरा शहर, दिन भर कोहरे की चादर में लिपटा रहा शहर, मंडराते रहे बादल, धूप को भी तरसे लोग
विज्ञापन

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में भी सर्दी का सितम जारी रहने और बारिश के आसार जताए

बरेली। बीते कुछ दिनों से खिल रही धूप का लुत्फ ले रहे लोग एक बार फिर बर्फीली हवाओं से ठिठुरने को विवश हैं। रविवार को दिन भर घने कोहरे और बादलों की ओट में सूरज के छिपे होने से तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक की रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई। उधर, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में कड़ाके की ठंड जारी रहने और बारिश के आसार जताए हैं। अफसरों को ठंड से बचाव के इंतजाम करने को भी कहा है।
विज्ञापन

शनिवार की रात नौ बजे से ही शहर कोहरे की चादर में लिपटना शुरू हो गया था। रात करीब 11 बजे हालात ये हो गए थे कि विजिबिलिटी (दृश्यता) पांच मीटर से आगे कुछ दिख नहीं रहा था। कोहरा छाने की चेतावनी मौसम विभाग पहले से जारी कर रहा था, मगर इतना कोहरा पड़ेगा इसका लोगों को अंदाज नहीं था। लोग चौंके तो तब जब रविवार सुबह आंख खुलने पर घना कोहरा छाया देखा। फिर दस बजे तक वही स्थिति बनी रही। शनिवार रात के बाद रविवार को भी शाम के बाद से सड़कों पर वाहन रेंगकर ही आगे बढ़ने को मजबूर नजर आए। लोगों ने दुर्घटना से बचने के लिए दिन में भी वाहनों की लाइटें जला रखी थीं। ठंड से बचाव के लिए लोग चाय की दुकान पर या अलाव जलाकर धूप निकलने का इंतजार करते रहे। घरों में हीटर, ब्लोअर आदि का इस्तेमाल किया। रविवार को छुट्टी के बावजूद कोहरे की वजह से बाजार में भी भीड़भाड़ कम नजर आई।

पहाड़ों पर बर्फबारी से फिर बदला मौसम

आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. जेपी गुप्ता के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। पहाड़ों पर बने उच्च वायुदाब से निम्न वायुदाब की ओर बर्फीली हवाएं चलनी शुरू हो गई हैं। जिसकी वजह से मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। डॉ. गुप्ता ने हवा की दिशा बदलने के बाद ही ठंड से कुछ हद तक राहत मिलने का अनुमान जताया है। उन्होंने बताया कि सोमवार को भी कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता है। देर रात हवा की दिशा बदलने की उम्मीद है मगर लगातार बादल बने रहेंगे जो अनुकूल माहौल बनने पर बरस भी सकते हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को हवा की दिशा पश्चिम उत्तर पश्चिम रही। यह दो दिन बाद पूर्व उत्तर पूर्व हो सकती है, उसके बाद ही राहत के आसार हैं।

छह से आठ किमी तक रही हवा की गति

डॉ. गुप्ता ने बताया कि हवा की तीव्रता छह से आठ किमी घंटा रिकॉर्ड हो रही है, जो सामान्य से अधिक है। पहाड़ों से आ रही सर्द और तेज हवाएं ही ठिठुरन का एहसास करा रही हैं। दिन भर धूप न निकलने से तापमान में भी रविवार को दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 15.0 डिग्री और न्यूनतम दो डिग्री कम 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। नमी सौ फीसदी रही है।

मौसम के पलटी मारने से किसानों को राहत

पिछले दिनों खिल रही चटख धूप से खेतों में सिंचाई के लिए परेशान हो रहे किसानों को सर्द मौसम ने काफी राहत पहुंचाई है। जिला कृषि अधिकारी धीरेंद्र चौधरी के मुताबिक यह मौसम गेहूं, सरसों, चना, मटर आदि फसलों के लिए बेहद अच्छा है। जिससे सिंचाई की कम जरूरत होगी और दाने भी भरेंगे। हल्की बारिश से भी कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा मगर तेज बारिश होने पर खेतों में जलनिकासी की व्यवस्था करनी होगी।

सेहत पर भारी पड़ रहा मौसम का बदलता रुख

मौसम में आए बदलाव के बाद जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। सर्दी, खांसी, जुकाम, वायरल और एलर्जिक रोगों के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। फिजिशियन डॉ. आरके गुप्ता के मुताबिक, मौसम परिवर्तन के कारण मरीजों की तादाद सरकारी और निजी अस्पतालों में बढ़ रही है। मौसम में बदलाव होते ही इम्यून सिस्टम प्रभावित होता है। बैक्टीरिया, वायरस सक्रिय हो जाते हैं। अगर इम्यून सिस्टम कमजोर होगा तो बैक्टीरिया शरीर में आसानी से जगह बनाकर उसे कमजोर करना शुरू कर देंगे। कोरोना को मात देने के लिए इम्यून सिस्टम का बेहतर होना जरूरी है। लोगों को खानपान और दिनचर्या में बदलाव की जरूरत है। दो गज दूरी और मास्क हमेशा लगाए रखें। कोहरे में जॉगिंग से बचें, बुजुर्ग और बच्चों का ध्यान रखें।

वायरल से बचने के उपाय

  • ठंडी चीजों के सेवन से परहेज करें।
  • शरीर साफ रखें, नमक के गरारे करें।
  • सिर और कान को ढंककर ही रखें।
  • अस्थमा के मरीज दवाएं साथ रखें।
  • योग और व्यायाम को नियमित करें।
  • फुल स्लीव और पैंट या जींस पहनें।
  • गुनगुने पानी का नियमित सेवन करें।
  • तेल की मालिश करें और काढ़ा पिएं।
  • खुले में रखे खाद्य पदार्थ सेवन न करें।
  • सब्जी, फल आदि को धोकर ही खाएं।
  • ब्लोअर या हीटर का कम उपयोग करें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें