कोहरे के कारण कई अन्य ट्रेनें भी हुईं लेट, यात्री रहे परेशान
बरेली। राजधानी एक्सप्रेस के संचालन का रेलवे बोर्ड निगरानी करता है। अन्य ट्रेनों को रोककर राजधानी एक्सप्रेस को गुजारा जाता है। मगर रविवार को यह ट्रेन डेढ़ घंटे लेट होने से रेलवे अफसरों के बीच मचा हुआ है। कुछ अन्य ट्रेनें भी कोहरे से लेट पहुंचीं, जिसके चलते यात्रियों को परेशान होना पड़ा।
रेलवे बोर्ड की निगरानी में रहने वाली राजधानी एक्सप्रेस रविवार को डेढ़ घंटे देरी से जंक्शन पहुंची। इसके चलते अधिकारियों को जवाब देते नहीं बन रहा है। सूत्रों का कहना है कि यह ट्रेन लखनऊ रेल मंडल में लेट हुई है या किसी अन्य मंडल में, इसकी जांच कराई जाएगी। वहीं, कड़ाके की ठंड और कोहरे के बीच ट्रेनों के लेट होने का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। हरिद्वार-वाराणसी जनता एक्सप्रेस और फिरोजपुर-धनबाद गंगा सतलज एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, जालंधर-दरभंगा एक्सप्रेस तीन घंटे और वाराणसी-नई दिल्ली महामना एक्सप्रेस तीन घंटे देरी से जंक्शन पहुंची। इसके चलते ट्रेनों का इंतजार कर रहे यात्रियों को परेशान होना पड़ा।