बरेली। जिले में पिछले 24 घंटे के अंदर 1402 नए संक्रमित मिले हैं। यह अब तक की सर्वाधिक संख्या है। कोरोना संक्रमण से बृहस्पतिवार को पांच लोगों की मौत भी हो गई। मौतें संक्रमण के कारण हुई हैं। संक्रमण के बढ़ रहे आंकड़े काफी डराने वाले हैं।
शहर में बृहस्पतिवार को सिविल लाइंस, कुतुबखाना, डीडीपुरम, राजेंद्रनगर, सनसिटी, नॉर्थ सिटी, पवन विहार जैसे पॉश इलाकों के साथ ईसाईयों की पुलिया, सुभाषनगर, ईंट पजाया आदि इलाकों में सर्वाधिक संक्रमित मिले हैं। इसके साथ सिंधुनगर के सामने गली में कोरोना संक्रमण से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। राजश्री मेडिकल कॉलेज में भी एक महिला ने दम तोड़ दिया। तीन सौ बेड कोविड अस्पताल में भी एक युवक की मौत कोरोना से हो गई। केसीएमटी के प्रबंध निदेशक गिरधर गोपाल के भाई घनश्याम खंडेलवाल की भी कोरोना से मौत हो गई। शहर के एक निजी अस्पताल में ममता अग्रवाल नाम की महिला की भी मौत कोरोना संक्रमण से हुई है।