नवाबगंज। गंगापुर गांव में चार दिन पहले सरकारी भूमि पर बिना अनुमति के लगी बाबा साहब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है। इस मामले में पुलिस ने 19 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बड़ागांव के मजरा गंगापुर गांव में चार दिन पहले सरकारी भूमि पर प्रशासन की बिना अनुमति के डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को लगा दिया गया था, जिसको लेकर गांव में भारी तनाव की स्थिति बनी हुई थी। चार दिन पहले गांव के कुछ शरारती तत्वों ने बाबा साहब की प्रतिमा को रात में क्षतिग्रस्त कर दिया। इस मामले में ताराचंद ने 19 लोगों के खिलाफ थाना नवाबगंज में रिपार्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस मामले में धर्मपाल, सतेंद्र कुमार, परशुराम, विजयपाल और कपिल कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया। इस मामले में भागे 14 अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। संवाद