आंवला। तालाब से मछली चोरी करके बेचे जाने की शिकायत एसडीएम से की गई है। इसमें पालिका के स्थानीय कर्मचारियों पर संलिप्तता का आरोप लगा है। पूर्व चेयरमैन के करीब विशंभर दयाल द्वारा एसडीएम को शिकायत की गई है।
उन्होंने शिकायतीपत्र में कहा कि साल 2020 में तत्कालीन चेयरमैन द्वारा मोहल्ला कच्चा कटरा शिव मंदिर रामलीला ग्राउंड के समीप बने वार्ड संख्या-छह में तालाब का 32 लाख की लागत से जीर्णोद्धार कराया गया था। इस तालाब में पांडव कालीन बालाजी धाम ढिलवारी मंदिर के तालाब से लाकर रंगबिरंगी मछलियां छोड़ी गई थी।
शाम को अक्सर लोग यहां आकर मछलियों को दाना खिलाया करते थे। इसी कारण तालाब में मछलियों की तादाद बढ़ गई। स्थानीय निवासियों ने बताया कि पिछले कई दिनों से यहां पालिका के एक-दो कर्मचारियों की मिलीभगत से मछलियों को पकड़ कर बाजार में बेच दिया जा रहा है। इससे लोगों में रोष व्याप्त है। एसडीएम ने तत्काल इस मामले में पालिका ईओ को जांचोपरांत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं, ईओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। संवाद